राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बाबा केदार के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बाबा केदार के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बाबा केदार के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

केदारनाथ धाम पहुंचकर की पूजा-अर्चना, स्वच्छ एवं नशामुक्त उत्तराखण्ड बनाने का किया आह्वान

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद पहली बार श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए बाबा केदार से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।

राज्यपाल ने कहा कि बाबा केदारनाथ की कृपा से उन्हें धाम में दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखण्ड को नमन करते हुए चारधाम की पावन भूमि पर राज्यपाल के रूप में सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की पवित्रता और गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने धाम में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से प्रदेश को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

डॉ. बिसेन ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड देश को संस्कार और आध्यात्मिक प्रेरणा देने वाली भूमि है। यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

राज्यपाल ने कहा कि धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्रों की पवित्रता बनाए रखने के लिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें।

इस दौरान श्रीमती भानुमति बिसेन, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, यात्रा मजिस्ट्रेट प्रणव पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *