खटीमा में सीएम धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा पहुंचकर लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि प्रत्येक शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाना सरकार का उद्देश्य है। आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सुगमता से मिले तथा उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों और आमजन से प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था में विश्वास और संतुष्टि को मजबूत करना है।

