देहरादून में जन सेवा केंद्रों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4 CSC केंद्र सील
देहरादून। जिला प्रशासन ने जन सेवा केंद्रों (CSC) की कार्यप्रणाली और निर्धारित मानकों की जांच के लिए औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर उप जिलाधिकारी देहरादून के नेतृत्व में टीम ने कई जन सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान अनियमितताएं और कमियां मिलने पर शादमान, हनी रमन, करन वर्मा और प्राची कौशिक के जन सेवा केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसके अलावा शादमान, पूनम खन्ना और करन वर्मा के केंद्रों से CPU तथा पारुल बंसल और प्राची कौशिक के केंद्रों से लैपटॉप प्रशासन ने अभिरक्षा में लिए।
वहीं, पवन फर्स्वाण के CSC की ID निरस्त करने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी गई है, जबकि पूनम खन्ना के केंद्र संचालक को कड़ी चेतावनी दी गई है।
जिला प्रशासन ने कहा कि जन सेवा केंद्रों पर आमजन को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। किसी भी तरह की अनियमितता या अवैध वसूली पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
