बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर मंथन, सचिव गृह शैलेश बगौली की अध्यक्षता में SLSC की 21वीं बैठक
देहरादून। उत्तराखंड में बैंकिंग अवसंरचना, करेंसी चेस्ट तथा नकदी के सुरक्षित परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति (SLSC) की 21वीं बैठक शनिवार को सचिवालय, देहरादून में सचिव गृह शैलेश बगौली की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), कानपुर की ओर से आयोजित बैठक में राज्य प्रशासन, कानून-प्रवर्तन एजेंसियों, करेंसी चेस्ट संचालित करने वाले बैंकों तथा प्रदेश में व्यापक शाखा नेटवर्क वाले अन्य बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। आरबीआई कानपुर, देहरादून और केंद्रीय कार्यालय मुंबई के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में बैंकिंग संस्थानों के समक्ष मौजूद सुरक्षा चुनौतियों, करेंसी चेस्ट की सुरक्षा, जाली भारतीय मुद्रा नोटों से जुड़े मामलों तथा नकदी के सुरक्षित आवागमन के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बैंकिंग अवसंरचना और करेंसी चेस्ट की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा, सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। नकदी के परिवहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संभावित जोखिमों से निपटने के लिए आवश्यक कदमों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कहा गया कि राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति बैंकों, सुरक्षा सेवा प्रदाताओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य हितधारकों के बीच समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है। सभी हितधारकों ने बैंकिंग सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर समन्वय, सूचना साझाकरण और आपसी सहयोग को आवश्यक बताया।
