रेड अलर्ट को लेकर सीएम धामी ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील

रेड अलर्ट को लेकर सीएम धामी ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील

रेड अलर्ट को लेकर सीएम धामी ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 26 एवं 27 सितंबर को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए प्रदेशवासियों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेड अलर्ट की अवधि में अनावश्यक यात्रा से बचें और बेहद जरूरी होने पर ही मौसम एवं सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करें।

मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने तथा स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। उन्होंने भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गाड़-गदेरों, बरसाती धाराओं और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाने की अपील की। अभिभावकों से भी बच्चों को जोखिम वाले स्थानों से दूर रखने को कहा गया है।

सीएम धामी ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने राहत एवं बचाव दल, जेसीबी, आवश्यक उपकरण और अन्य मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने तथा विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने नदी-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पर्वतीय मार्गों, चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराएं नहीं, लेकिन पूरी सतर्कता बरतें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन की चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *