मुख्य सचिव ने उत्तरकाशी में विकास योजनाओं की समीक्षा की, 15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश
देहरादून/उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उत्तरकाशी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिला योजना, राज्य वित्त, 25 सूत्रीय कार्यक्रम तथा केंद्र पोषित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जिले की विभिन्न योजनाओं की जानकारी समाहित करने वाली डिजिटल पहल ‘योजना दीदी’ ई-पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने धामों और धार्मिक स्थलों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा ठोस अपशिष्ट के प्रभावी निस्तारण के लिए कड़े कदम उठाने को कहा।
सड़कों की स्थिति को लेकर मुख्य सचिव ने बीआरओ, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और स्थानीय निकायों को 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागाध्यक्षों को नियमित मैदानी निरीक्षण करने और अंतर-विभागीय समन्वय से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने को कहा।
बैठक में उद्यान विभाग की पॉलीहाउस निर्माण और ‘जायका’ परियोजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर मुख्य विकास अधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला सैनिक कल्याण विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा करने को कहा गया।
3.26 करोड़ की ‘प्रारंभ’ परियोजना का उद्घाटन
मुख्य सचिव ने ‘स्वच्छ गंगा, निर्मल एवं अविरल यमुना’ के संकल्प के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्र की हिमालयी नदियों के संरक्षण के लिए लगभग 3.26 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली जिला स्तरीय मॉडल परियोजना ‘प्रारंभ—नदी, जलीय संसाधनों का संरक्षण और जैव विविधता विरासत प्रबंधन’ का आधिकारिक उद्घाटन किया। परियोजना को जल शक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन और उत्तराखंड राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वीकृति प्रदान की गई है।
इससे पहले मुख्य सचिव ने सिविल सोसायटी, भूतपूर्व सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों के पेंशनर्स, होटल एसोसिएशन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।
प्रतिनिधियों ने कूड़ा निस्तारण, सड़क एवं नेटवर्क, पूर्व सैनिकों के लिए उपनल में समान कार्य-समान वेतन, नेलांग-जादुंग परमिट के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा वीबी जी रामजी योजना में ऑनलाइन उपस्थिति से जुड़ी समस्याएं रखीं। मुख्य सचिव ने प्रकरणों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव ने जिला मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी नेटवर्क, रियल टाइम मॉनिटरिंग और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने भटवाड़ी विकासखंड के गणेशपुर में होलिस्टिक टूरिज्म पहल के तहत संचालित वूमेन हिल्स ट्रैक एडवेंचर का अवलोकन किया और ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर पर्यटन गतिविधियों से जुड़े उनके अनुभव जाने।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों एवं संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
