ऋषिकेश-डोईवाला में एमडीडीए का बड़ा एक्शन, तीन भवन सील
स्वीकृत नक्शे के विपरीत और बिना मानचित्र के हो रहा था निर्माण, प्राधिकरण ने की कार्रवाई
ऋषिकेश। अवैध और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों में भवनों को सील कर दिया। इनमें दो भवनों में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किया जा रहा था, जबकि एक भवन का निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृत कराए कराया जा रहा था।
ऋषिकेश में दो भवन सील
मनीराम रोड की गली नंबर-10 में जयप्रकाश द्वारा स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण किए जाने की शिकायत पर एमडीडीए की टीम ने जांच की। जांच में अनधिकृत निर्माण पाए जाने के बाद भवन को सील कर दिया गया।
इसी तरह निर्मल ब्लॉक-बी निवासी ओम प्रकाश पना के भवन में प्रथम तल पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण पाया गया। प्राधिकरण ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया।
डोईवाला में बिना नक्शे निर्माण पर कार्रवाई
डोईवाला के दुधली रोड, चांदमारी निवासी अनिल पॉचाल विश्वकर्मा द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के भूतल और प्रथम तल पर निर्माण कराया जा रहा था। जांच में निर्माण अनधिकृत पाए जाने पर प्राधिकरण की ओर से वाद दायर किया गया। इसके बाद सोमवार को भवन को सील कर दिया गया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। स्वीकृत मानचित्र से विचलन अथवा बिना अनुमति निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां लेने तथा स्वीकृत नक्शे के अनुरूप ही निर्माण कराने की अपील की।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर भवन सील करने के साथ ही अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
