ऋषिकेश: MDDA द्वारा लक्कड़घाट रोड स्थित निर्मल बाग की बहुमंजिला इमारत सील
ऋषिकेश: MDDA द्वारा लक्कड़घाट रोड स्थित निर्मल बाग की बहुमंजिला इमारत सील
देहरादून।मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने ऋषिकेश क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने लक्कड़घाट रोड स्थित निर्मल बाग, ब्लॉक-सी में अवैध रूप से तैयार की जा रही एक बहुमंजिला इमारत को सील कर दिया। यह निर्माण निशांत मलिक द्वारा कराया जा रहा था।
एमडीडीए को इस भवन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। निरीक्षण में भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्राधिकरण ने नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की। मौके पर पहुंची टीम ने भवन को सील कर आगे का निर्माण कार्य पूरी तरह रोक दिया।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी, मनीष डिमरी, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग पर निगरानी और सख्त कर दी गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऋषिकेश सहित पूरे क्षेत्र में नियमित निरीक्षण जारी है और नियमों के विपरीत निर्माण पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
