भ्रष्टाचार पर धामी सरकार का सख्त रुख, बोले मुख्यमंत्री- किसी भी स्तर पर दोषी को नहीं बख्शेंगे

भ्रष्टाचार पर धामी सरकार का सख्त रुख, बोले मुख्यमंत्री- किसी भी स्तर पर दोषी को नहीं बख्शेंगे

भ्रष्टाचार पर धामी सरकार का सख्त रुख, बोले मुख्यमंत्री- किसी भी स्तर पर दोषी को नहीं बख्शेंगे

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखण्ड सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। प्रदेश में ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में संलिप्त चाहे कोई भी व्यक्ति हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विजिलेंस विभाग को भ्रष्टाचार के मामलों में स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार की कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि भ्रष्टाचार के मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। सरकार की नीति में पद, प्रतिष्ठा और प्रभाव के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता।

धामी सरकार के कार्यकाल में सतर्कता विभाग ने रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कार्यों में अनियमितताओं से जुड़े मामलों में जांच एवं कार्रवाई की है। विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई में रिश्वत लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा विभिन्न मामलों में विभागीय कार्रवाई और निलंबन जैसे कदम भी उठाए गए हैं।

आईएएस और पीसीएस अधिकारियों पर भी हुई कार्रवाई

सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने में भी संकोच नहीं किया है। हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों सहित कई अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं, आय से अधिक संपत्ति के मामले में आईएएस अधिकारी राम विलास यादव के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद से जुड़ी अनियमितताओं और उत्तराखण्ड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्रवाइयों से सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रकार का राजनीतिक, प्रशासनिक या अन्य दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

1064 ऐप से सीधे दर्ज करा सकते हैं शिकायत

भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सतर्कता विभाग का 1064 ऐप आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बनकर सामने आया है। इसके जरिए कोई भी नागरिक रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत सीधे दर्ज करा सकता है। प्राप्त शिकायतों का परीक्षण कर विजिलेंस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती है। वहीं, अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा जाता है। इससे आम लोगों के लिए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया आसान हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विजिलेंस विभाग को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मामलों की जांच के साथ-साथ न्यायालयों में प्रभावी पैरवी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जा सके।

जनता से की भ्रष्टाचार की शिकायत करने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य के एवज में रिश्वत की मांग करता है अथवा अपने पद का दुरुपयोग करता है, तो इसकी सूचना बिना किसी डर के सतर्कता विभाग को दें।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प होना चाहिए। जनसहयोग से ही प्रदेश में पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने और भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *