सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात, परिसंपत्ति विवादों के समाधान और जर्जर पुलों की मरम्मत पर हुई चर्चा
बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और झनकैया पुल समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर
लखनऊ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान, पूर्व में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से सिंचाई विभाग से संबंधित लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत के साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण तथा आवश्यकता के अनुसार पुनर्निर्माण का विषय रखा। मुख्यमंत्री ने इन कार्यों को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण मामला बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत के साथ संबंधित पुलों का सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बेहद आवश्यक है। इन कार्यों के शीघ्र पूरा होने से क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ किसानों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर भी चर्चा हुई। पूर्व में दोनों राज्यों के बीच बनी सहमति के अनुरूप हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय के चलते परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है। पूर्व में बनी सहमति के आधार पर विभिन्न प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही भी पूरी की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष लंबित मामलों का भी आपसी सहमति से जल्द निस्तारण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्तियों से जुड़े मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर तालमेल और सकारात्मक प्रयासों से जनहित से जुड़े विषयों का समाधान सुनिश्चित किया जाता रहेगा।

