मुख्यमंत्री धामी ने परिवार के साथ शासकीय आवास में मनाई दीपावली, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली का पावन पर्व अपने परिवार के साथ शासकीय आवास में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी तथा दोनों पुत्र भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रकाश पर्व मनाया और प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों, आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व जीवन में सकारात्मकता, सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि प्रकाश का यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड निरंतर विकास और उन्नति के नए आयाम स्थापित करे तथा प्रदेश का प्रत्येक नागरिक समृद्ध एवं सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर हो।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता के साथ मनाने की अपील भी की।

