दीपावली पर जवानों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, काफिला रुकवाकर दी शुभकामनाएं

दीपावली पर जवानों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, काफिला रुकवाकर दी शुभकामनाएं

दीपावली पर जवानों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, काफिला रुकवाकर दी शुभकामनाएं

गढ़ी कैंट में सेना के जवानों से की आत्मीय मुलाकात, मिठाई बांटकर साझा की दीपावली की खुशियां

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के पावन पर्व पर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव प्रदर्शित करते हुए एक सराहनीय पहल की। शासकीय आवास लौटते समय गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों को देखकर मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रुकवा दिया और उनके बीच पहुंचकर आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने जवानों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों का कुशलक्षेम जाना और मिठाई बांटकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए हमारे वीर सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। जवानों के सतर्क पहरे और अटूट संकल्प के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पाते हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर जब पूरा देश अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाता है, तब हमारे अनेक वीर जवान अपने घर-परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। उनका त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने माँ भारती के वीर सपूतों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों का सम्मान करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी जवानों के सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरभूमि है और यहां के युवाओं की भारतीय सेना में सेवा करने की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व करता है। सैनिकों का साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *