ऋषिकेश से विकासनगर तक MDDA का बड़ा एक्शन, 3 जगह अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, 2 निर्माण सील

ऋषिकेश से विकासनगर तक MDDA का बड़ा एक्शन, 3 जगह अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, 2 निर्माण सील

ऋषिकेश से विकासनगर तक MDDA का बड़ा एक्शन, 3 जगह अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, 2 निर्माण सील

रायवाला और हरिपुर कला में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई, विकासनगर में भी 3 स्थानों पर चला ध्वस्तीकरण अभियान

देहरादून।मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की, जबकि दो स्थानों पर अवैध निर्माण सील किए गए। वहीं, विकासनगर क्षेत्र में भी दो स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त की गई। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध रूप से जमीन पर प्लॉट काटने और बिना अनुमति निर्माण करने वालों में सख्ती का संदेश गया है।

रायवाला में पांच बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

एमडीडीए के अनुसार, ऋषिकेश क्षेत्र के रायवाला में प्रेम दत्त जोशी द्वारा लगभग पांच बीघा भूमि पर बिना तलपट मानचित्र स्वीकृति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।

हरिपुर कला और रायवाला में दो निर्माण सील

ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ भी प्राधिकरण ने कार्रवाई की। हरिपुर कला की गली संख्या पांच में कपिल मदान द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया गया। इसके अलावा हरिद्वार रोड पर रायवाला में पंजाब नेशनल बैंक के निकट तुषार नरूला द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

विकासनगर में दो स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई

विकासनगर के भीमावाला क्षेत्र में छोटी कैनाल रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पीछे संजय चौहान एवं अन्य द्वारा लगभग चार से पांच बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति नहीं लिए जाने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग को ध्वस्त किया।

इसी तरह, विकासनगर के डॉक्टरगंज में पुल संख्या एक और दो के मध्य शक्ति कैनाल के समीप आशु उनियाल, हर्ष रावत एवं अन्य द्वारा लगभग पांच बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यहां प्राधिकरण की टीम ने अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित भूमि की स्थिति, स्वीकृत लेआउट और आवश्यक मानचित्र की पुष्टि अवश्य करें, ताकि भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानियों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *