हरिद्वार कुंभ-2027 के लोगो, वेबसाइट और गीत का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण

हरिद्वार कुंभ-2027 के लोगो, वेबसाइट और गीत का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण

हरिद्वार कुंभ-2027 के लोगो, वेबसाइट और गीत का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण

कुंभ की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मिलेगी वैश्विक पहचान, श्रद्धालुओं को डिजिटल माध्यम से मिलेंगी प्रामाणिक जानकारियां

हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महत्वपूर्ण पहल की। मंगलवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। इन माध्यमों के जरिए कुंभ की विशिष्ट परंपराओं, धार्मिक महत्व और आयोजन से जुड़ी जानकारियों को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

लोगो में दिखेगी हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान

हरिद्वार कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में धर्मनगरी हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान, मां गंगा के प्रति श्रद्धा और सनातन परंपरा की विशेषताओं को दर्शाया गया है। लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी क्षेत्र, धनुष पुल और सूर्योदय की दिव्य छटा को स्थान दिया गया है। इसके साथ ही शिव प्रतिमा, साधु-संतों, सनातन परंपरा के प्रतीक त्रिशूल और डमरू तथा मां मनसा देवी एवं मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी प्रदर्शित किया गया है। यह लोगो हरिद्वार की धार्मिक विरासत और कुंभ की विशिष्टता को एक साथ प्रस्तुत करता है।

स्थानीय निवासी मधु शर्मा के डिजाइन का हुआ चयन

कुंभ मेला-2027 के लोगो को तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। इस पहल के माध्यम से युवाओं को कुंभ की पहचान को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से 13 श्रेष्ठ एवं मौलिक डिजाइनों पर चयन समिति ने विचार किया। इसके बाद विकासनगर के जगजीतपुर, हरिद्वार निवासी मधु शर्मा द्वारा प्रस्तुत डिजाइन का चयन किया गया। इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक लोगो को अंतिम रूप दिया गया।

वेबसाइट से मिलेगी कुंभ से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी

कुंभ मेले की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in का भी लोकार्पण किया गया। वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालु, आगंतुक और आमजन कुंभ से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। डिजिटल माध्यम से आयोजन की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़ी सूचनाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया गया है। इससे हरिद्वार कुंभ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने में भी मदद मिलेगी।

‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’

समारोह में कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक गीत का लोकार्पण भी प्रमुख आकर्षण रहा। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन की प्रसन्नता, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर देता है। हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने इस गीत की रचना, संगीत और गायन किया है। गीत के माध्यम से कुंभ के धार्मिक महत्व और आध्यात्मिक वातावरण को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

कई कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह सहित मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *