मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 8 अक्टूबर से विशेष अभियान, 12,543 बूथों पर होगा सत्यापन
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्री-एसआईआर एवं एसआईआर अभियान के तहत एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और पात्र मतदाताओं की सूची तैयार करेंगे।
इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर चिन्हित पात्र मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का प्री-एसआईआर से पहले की सूची से मिलान करेंगे और ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे, जिनके नाम पूर्व की सूची में थे, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि घर-घर सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले लोगों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरने में सहायता की जाएगी। साथ ही, 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे।
उन्होंने सभी जनपदों को निर्देश दिए कि अभियान में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) और बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बीएलओ द्वारा तैयार सूची को राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा किया जाएगा।
अभियान के अंतिम चरण में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे, ताकि यदि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गया हो तो उसका नाम भी नियमानुसार शामिल कराया जा सके। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तूदास भी उपस्थित रहे।

