उत्तरकाशी में सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना, विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर की घोषणा

उत्तरकाशी में सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना, विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर की घोषणा

उत्तरकाशी में सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना, विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर की घोषणा

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा संकल्प सभा में प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के ढाई दशक में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है। जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। सरकार ने शासन को कार्यालयों और फाइलों तक सीमित रखने के बजाय उसे जनता के द्वार तक पहुंचाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। राज्य सरकार इसी विजन को साकार करने के लिए सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ पर्यटन, उद्योग, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल और होमस्टे की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है और राज्य को लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का सम्मान मिला है।

चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के प्रयासों के परिणामस्वरूप इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। उत्तरकाशी जिले में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया था, जिनमें 26 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 24 पर कार्य जारी है।

विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर की घोषणा

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराने, भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भेजे गए प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति दिलाने के प्रयास करने की बात कही। डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को भी आगे बढ़ाने की बात कही। साथ ही जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को हर नागरिक को अपने कर्तव्यों और दायित्वों में उतारना होगा। उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण एवं केदार सिंह रावत, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *