यूएसडीएमए में गांधी-शास्त्री जयंती पर अधिकारियों ने किया नमन
देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। कार्यक्रम में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) श्री प्रकाश चन्द्र ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) श्री प्रकाश चन्द्र ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और आत्मनिर्भरता जैसे मूल्यों की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अपने विचारों और आचरण से यह सिद्ध किया कि सत्य, अहिंसा और दृढ़ संकल्प के माध्यम से बड़े बदलाव संभव हैं। उनका जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने दृढ़ नेतृत्व और निर्णय क्षमता से देश का मार्गदर्शन किया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिनेश कुमार पुनेठा ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों महान व्यक्तित्वों का जीवन हमें सिखाता है कि जिम्मेदारियों का निर्वहन केवल पद के आधार पर नहीं, बल्कि कर्तव्यबोध, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आपदा के समय त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। साथ ही उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में यूएलएमएमसी के निदेशक श्री शांतनु सरकार सहित प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
