बाजपुर के एकलव्य विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बनाने पर जोर: केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम

बाजपुर के एकलव्य विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बनाने पर जोर: केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम

बाजपुर के एकलव्य विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बनाने पर जोर: केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम

बाजपुर। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने गांधी जयंती के अवसर पर ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमुदाय के साथ विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए श्री ओराम ने विद्यालय, छात्रावास और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन में अपनाया जाने वाला महत्वपूर्ण मूल्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और गांवों में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों की पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण पर लगाए गए प्रदर्शनों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की।
श्री जुएल ओराम ने कहा कि आने वाले समय में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बाजपुर को आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों से सुसज्जित कर उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जाएगा, जिससे यह भविष्य में सैनिक स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं एवं शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।

इस अवसर पर ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशानी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-कर्मचारी एवं स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *