जनता दर्शन में 10 शिकायतें दर्ज, एडीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

जनता दर्शन में 10 शिकायतें दर्ज, एडीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

जनता दर्शन में 10 शिकायतें दर्ज, एडीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

पौड़ी। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, आपदा, मुआवजा सहित अन्य मामलों से जुड़ी 10 शिकायतें दर्ज कराईं। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

कोटद्वार रोड निवासी पार्वती देवी ने निजी भूमि पर विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर और जल संस्थान द्वारा पानी का टैंक बनाए जाने के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार मुआवजा भुगतान की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं डंडापानी निवासी फतेह सिंह ने रोडसाइड एक्ट के तहत अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की, जिस पर संबंधित सड़क निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।कलजीखाल के बैर गांव निवासी अनिल सिंह ने पिपला-टेका मोटरमार्ग निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी का मामला उठाया।एडीएम ने पीएमजीएसवाई सतपुली को शिकायत का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी जानकारी दी गई। तहसील पौड़ी के जसकोट निवासी मनमोहन सिंह की गुडड़ी-सिंडी-जसकोट मोटरमार्ग पर गड्ढों की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी से गड्ढा भरान कर मार्ग को गड्ढामुक्त किया। कुखड़ गांव निवासी सुरेंद्र सिंह की पीएम किसान निधि संबंधी शिकायत पर कृषि विभाग ने आवेदन भरवाकर योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं पाबौ विकासखंड के ग्राम कोला निवासी बीना देवी की रास्तों पर झाड़ियों के कारण आवागमन में परेशानी की शिकायत पर झाड़ी कटान कर मार्ग सुगम बनाया गया।

एडीएम ने अधिकारियों को जनता दर्शन, जनता मिलन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार चंद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *