उत्तराखंड

सीएम धामी करेंगे अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ

सीएम धामी करेंगे अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ

ऋषिकेश। योगनगरी ऋषिकेश में सात दिनों तक योग की गंगा बहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। योग महोत्सव में देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त योगाचार्य साधकों को योगाभ्यास कराएंगे। एमडी जीएमवीएन विशाल मिश्रा ने बताया कि निगम के गंगा रिजॉर्ट में एक मार्च से सात मार्च तक योग महोत्सव चलेगा। गढ़वाल मंडल विकास निगम की मेजबानी में आयोजित इस सात दिवसीय योग महोत्सव में देश-विदेश के नामचीन योगाचार्यों के अलावा अपने विषयों में मर्मज्ञ वैज्ञानिक शोध पर व्याख्यान और प्रयोग के माध्यम से ज्ञान बांटने का कार्य करेंगे। जिसमें आये योग साधक अपनी जिज्ञासा शान्त करने के लिए प्रश्नों के माध्यम से उनका उत्तर प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय योग महोत्सव में योग, अध्यात्म और साधना के साथ ध्यान संबंधी कक्षाएं संचालित होंगी। अध्यात्म जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां भी अपने विचार साझा करेंगी, जिससे प्रतिभागियों को योग, साधना, ध्यान की दिव्य अनुभूति प्राप्त होगी। इस योग महोत्सव में मां गंगा की आरती, वैदिक मंत्रोच्चार, सनातन संस्कृति सहित शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें आने वाले मेहमानों को उत्तराखंड के प्रसिद्ध व्यंजन भी परोसा जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *