उत्तराखंड के फ्लाइंग कार इनोवेटर रवि टमटा से मिले CM धामी

उत्तराखंड के फ्लाइंग कार इनोवेटर रवि टमटा से मिले CM धामी

उत्तराखंड के फ्लाइंग कार इनोवेटर रवि टमटा से मिले CM धामी

देहरादून। फ्लाइंग कार विकसित करने की दिशा में काम कर रहे युवा नवोन्मेषक एवं स्टार्टअप उद्यमी रवि टमटा ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान रवि टमटा ने मुख्यमंत्री को अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट से जुड़ी तकनीकी जानकारी, अब तक हुई प्रगति और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री धामी ने रवि टमटा के तकनीकी नवाचार और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार ऐसे युवाओं को अपने नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सचिव उद्योग को निर्देश दिए कि रवि टमटा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही, सरकार की मौजूदा स्टार्टअप एवं औद्योगिक नीतियों के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण करने को कहा।

सीएम धामी ने कहा कि आज का दौर तकनीक और नवाचार का है। उत्तराखंड के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एयरोस्पेस समेत आधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे प्रयास रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण उत्तराखंड में नई तकनीकों के प्रयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। भविष्य में तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हालांकि, ऐसे प्रोजेक्ट्स में तकनीकी, सुरक्षा और नियामकीय मानकों का पालन जरूरी होगा।

रवि टमटा ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट पर लगातार काम कर रहे हैं और इसे भविष्य में और विकसित करने के प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “नया उत्तराखंड युवाओं के नए विचारों, नवाचार और उद्यमिता से भी बनेगा।” सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली युवाओं को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण अपने सपनों से पीछे न हटना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *