खटीमा में सीएम धामी से रूबरू हुए युवा, रोजगार से लेकर पर्यावरण तक पूछे बेबाक सवाल

खटीमा में सीएम धामी से रूबरू हुए युवा, रोजगार से लेकर पर्यावरण तक पूछे बेबाक सवाल

खटीमा में सीएम धामी से रूबरू हुए युवा, रोजगार से लेकर पर्यावरण तक पूछे बेबाक सवाल

मुख्यमंत्री बोले—भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

शिकायत के लिए 1064 पर करें संपर्क; 34 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सनातन धर्मशाला परिसर स्थित एक निजी विद्यालय के सोबन सिंह जीना सभागार में आयोजित ‘युवा समसामयिक संवाद’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 360 विद्यार्थियों ने रोजगार, सेवायोजन, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर मुख्यमंत्री से बेबाक सवाल किए।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहज और स्पष्ट जवाब देते हुए प्रदेश के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी, भ्रष्टाचार-मुक्त और सशक्त उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो टोल-फ्री नंबर 1064 अथवा संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों की त्वरित जांच की जाती है।

युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सपना ऐसा उत्तराखण्ड बनाने का है, जहां युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता न पड़े। राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है।

सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं को उन्होंने अनुशासित जीवन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।

सीमांत गांवों को बताया भारत के प्रथम गांव

छात्रा आल्या के सीमांत क्षेत्रों के विकास से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत गांव देश के अंतिम छोर नहीं, बल्कि भारत के प्रथम गांव और प्रथम क्षेत्र हैं।

इन क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने पर सरकार का विशेष ध्यान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में सीमांत क्षेत्रों के लिए नई योजनाएं और विशेष प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे।

विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी प्राथमिकता

कक्षा 11 की छात्रा रेखा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक संपदा प्रदेश की सबसे बड़ी धरोहर है। सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने 5 अगस्त की आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए छात्रा रेखा की सराहना भी की।

पर्यटन को मिल रही नई रफ्तार

छात्र अब्दुल के पर्यटन से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, हवाई सेवाओं और होमस्टे सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश में पर्यटन को नई गति मिली है। चम्पावत, मुनस्यारी, कौसानी, बेरीनाग, चौकोड़ी, पंचाचूली और आदि कैलाश जैसे पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि पर्यटकों के बेहतर स्वागत, स्वच्छता, सुविधाजनक व्यवस्थाओं और आतिथ्य पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का परिणाम है कि प्रदेश में वार्षिक पर्यटकों की संख्या 7 से 8 करोड़ के पार पहुंच गई है।

कार्यक्रम में 18 विद्यालयों के करीब 360 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। खुशबू हिंद पब्लिक स्कूल, अब्दुल आरपी स्कूल, सतवीर सिंह रोज पब्लिक स्कूल, देव विश्वास शिक्षा भारती स्कूल, आयुषी आईआईएचसीए, रिजवान जीआईसी, रुद्रप्रताप सिंह रोज पब्लिक स्कूल और शहीद हरि किशन इंटर कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने संवाद में हिस्सा लिया।

इस दौरान सोनू सिंह, हिमांशी, आलिदा, खुशी अवस्थी सहित अन्य विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर सवाल पूछे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *