मेलाघाट रोड पर पैदल निकले CM धामी, अचानक मिलन डेरी पहुंचकर पी चाय; ‘वोकल फॉर लोकल’ का दिया संदेश
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में अपनी सादगी और सहजता से एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया। मेलाघाट रोड पर पैदल चलते हुए मुख्यमंत्री अचानक मिलन डेरी पहुंचे और वहां चाय की चुस्की लेते हुए स्थानीय कारोबारियों एवं नागरिकों से आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री को अपने बीच इस तरह सहज अंदाज में देखकर आसपास मौजूद दुकानदारों और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने डेरी संचालक और स्थानीय लोगों से कारोबार, स्थानीय बाजार तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है। स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय बाजार और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तथा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां के स्थानीय उत्पादों, हुनर और उद्यमिता से भी जुड़ी है। सरकार स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री का पैदल चलते हुए स्थानीय डेरी पर रुककर चाय पीना ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश का सहज उदाहरण बना। उनकी इस पहल ने स्थानीय छोटे कारोबारियों के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन का संदेश दिया।
