जन समाधान दिवस में 150 से अधिक शिकायतें, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
देहरादून। प्रत्येक सोमवार की भांति कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जन समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जन समाधान दिवस में 150 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न हो, बल्कि वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
आपदा कार्यों में अनियमितता की शिकायत पर जांच के निर्देश
तहसील विकासनगर के ग्राम पंचायत पापड़ियांन में वर्ष 2023 से 2026 तक आपदा मद से कराए गए कार्यों में कथित फर्जीवाड़े एवं अनियमितता की शिकायत पर डीएम ने गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने जिला विकास अधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को संयुक्त रूप से जांच कर 7 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को उपलब्ध अभिलेखों, कराए गए कार्यों और संबंधित मद में हुए व्यय का परीक्षण कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया।
भूमाफिया द्वारा भूमि कब्जाने के प्रयास की शिकायत
मिहूवाला निवासी मोहम्मद शाहिद राव, खुर्शीदा बेगम एवं इकराम ने पैतृक भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा मारपीट कर कब्जा करने के प्रयास की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग को तथ्यात्मक जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
आबादी के बीच चल रही फैक्ट्री को सील करने के निर्देश
ग्राम झीवरहेड़ी, विकासनगर में आबादी के बीच अवैध रूप से हैवी वेल्डिंग मशीनें लगाकर फैक्ट्री संचालित किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी विकासनगर एवं महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को संबंधित फैक्ट्री को तत्काल सील करने के निर्देश दिए।
जिला उद्योग केंद्र के पूर्व निरीक्षण में संबंधित स्थल औद्योगिक उपयोग के लिए वर्गीकृत नहीं पाया गया था। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं अग्निशमन विभाग की आवश्यक एनओसी भी प्राप्त नहीं की गई थी। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कृत्रिम अंग के लिए 15 दिन में सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश
सूर्य प्रकाश द्वारा दोनों पैरों में कृत्रिम अंग लगवाने के लिए आर्थिक सहायता की मांग पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 15 दिन के भीतर सहायता उपलब्ध कराने और शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की जांच होगी
नगर निगम एवं ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण एवं निर्माण की शिकायत पर डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार सदर को जांच के निर्देश दिए। शिकायत में चार मंजिला मकान के निर्माण का भी आरोप लगाया गया है। अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर भूमि एवं निर्माण संबंधी अभिलेखों की जांच करने तथा अतिक्रमण या अवैध निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विशेष बच्चे के प्रवेश मामले में सात दिन में जांच रिपोर्ट
विशेष बच्चे प्रिंस अग्रवाल के लतिका राय फाउंडेशन में प्रवेश से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लिया। बच्चे के पिता एवं एकमात्र अभिभावक ने बताया कि प्री-एडमिशन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई।
डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को संयुक्त रूप से मामले की जांच कर 7 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच करते हुए बच्चे के हित एवं उसके सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को शिकायतों में जवाबदेही तय करने और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी देने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
