देहरादून में बड़ा एक्शन: 2 आदतन अपराधी 6 महीने के लिए जिला बदर
देहरादून में बड़ा एक्शन: 2 आदतन अपराधी 6 महीने के लिए जिला बदर
देहरादून।जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट सविन बंसल ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दो आदतन अपराधियों को 6 माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की रिपोर्ट और कोतवाली विकासनगर की चालानी रिपोर्ट के आधार पर की गई।
प्रशासन द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, अभियुक्त आसिफ पुत्र राशिद, निवासी मुस्लिम बस्ती, चौकी बाजार के पीछे, कोतवाली विकासनगर, के विरुद्ध कार्यवाही प्रारम्भ की गई।
इसी प्रकार राहुल कश्यप पुत्र गोपाल कश्यप, निवासी कश्यप मोहल्ला, जीवनगढ़, थाना विकासनगर, के खिलाफ भी कार्यवाही शुरू की गई।
दोनों व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न मामलों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल बना हुआ था। प्रशासन के अनुसार, इनकी गतिविधियां लोक शांति और जनहित के प्रतिकूल पाई गईं।
नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया, लेकिन निर्धारित समय में न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हुए।
उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने दोनों को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत ‘गुंडा’ घोषित करते हुए 6 महीने के लिए देहरादून जनपद की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए हैं।साथ ही बिना अनुमति जिले में प्रवेश करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
