उत्तराखंड

थलीसैंण को मिली 25.32 करोड़ की सौगात, उप जिला चिकित्सालय का शिलान्यास

थलीसैंण को मिली 25.32 करोड़ की सौगात, उप जिला चिकित्सालय का शिलान्यास

प्रदेश सरकार जनता के हित में निरंतर कार्य कर रही है: स्वास्थ्य मंत्री

पौड़ी । प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने थलीसैंण क्षेत्र में 2532.66 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के प्रवेश द्वार तथा बस स्टैंड के समीप निर्मित पार्क का लोकार्पण किया गया। साथ ही नगर पंचायत कैन्यूर थलीसैंण के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया गया। मंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन के साथ ही नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय रौली एवं कैन्यूर में कक्षा-कक्ष निर्माण, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मेलासैंण और प्राथमिक विद्यालय जसपुर में अनुरक्षण कार्य, सुभाष चन्द्र बोस आवासीय विद्यालय की चारदीवारी निर्माण, राजकीय इंटर कॉलेज बगवाड़ी में विज्ञान प्रयोगशाला भवन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ऐंठी में पुस्तकालय एवं कला-कक्ष निर्माण तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पलाण में शौचालय इकाई निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केन्द्र मरोड़ा तथा उप जिला चिकित्सालय थलीसैंण के भवन का शिलान्यास भी किया। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसी अवसर पर उन्होंने भारत सरकार के देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत उप जिला चिकित्सालय थलीसैंण में टीकाकरण शिविर का शुभारंभ भी किया गया। उन्होंने कहा कि यह अभियान बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और महिला स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत भवन, स्वास्थ्य संस्थानों और शैक्षणिक ढांचे के विकास से क्षेत्र में प्रशासनिक दक्षता, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इन सभी कार्यों से स्पष्ट है कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, प्रदेश सहकारी संघ अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य वंदना रौथाण सहित अमर सिंह रावत, हरेंद्र, राकेश, दिलीप रावत, पृथ्वी सिंह, मनवर सिंह, रजनी, अनीता जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *