सांसद अनिल बलूनी ने थराली का दौरा कर आपदा प्रभावितों का हाल जाना
सांसद अनिल बलूनी ने थराली का दौरा कर आपदा प्रभावितों का हाल जाना
चमोली। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने सोमवार को दोपहर बाद आपदाग्रस्त थराली के दौरे पर पहुंचे। कुलसारी राहत शिविर में थराली के आपदा प्रभावितों से मुलाकात की और उनका हाल जाना। इस दौरान आपदा प्रभावितों ने उनसे अपना दुख बयां करते हुए मदद की गुहार लगाई। राहत शिविर में रह रही आरती देवी, पुष्पा देवी ने बताया कि शुक्रवार रात को अतिवृष्टि के बाद आए सैलाब में उन्होंने अपना सब कुछ आंखों के सामने खत्म होते देखा। अब मकानों में मलबे के सिवाए कुछ नहीं बचा।
सांसद बलूनी ने राहत शिविर में रह रहे सभी लोगों की व्यथा सुनीं और कहा कि सभी प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने थराली तथा उसके आसपास केदारबगड़, राड़ीबगड़, चेपड़ों में आपदा से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। साथ ही आपदा से हुई क्षति के बारे में जिलाधिकारी डाॅ. संदीप तिवारी से जानकारी ली और प्रभावितों को हर तरह की मदद पहुंचाने की बात कही।
