कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में विकास खंड पाबौ के ब्लॉक सभागार में जनता दरबार का आयोजन हुआ
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में विकास खंड पाबौ के ब्लॉक सभागार में जनता दरबार का आयोजन हुआ
पौड़ी।प्रदेश के उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में विकास खंड पाबौ के ब्लॉक सभागार में जनता दरबार आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि हमारी मुख्य प्राथमिकता यह है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो। जनता दरबार में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। जनता दरबार में लगभग 100 से अधिक शिकायतें दर्ज हुई।
मंत्री ने पीएम आवास योजना के लिए खंड विकास अधिकारी को सर्वे कर पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ देने को कहा। वहीं उन्होंने कृषि विभाग को कहा कि जो किसान बेहतर कार्य कर रहे हैं उन्हें अन्य योजनाओं का लाभ भी दे, जिससे वह अन्य किसानी क्षेत्र में भी और बेहतर कार्य कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पाबौ डिग्री कॉलेज में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं और जल्द ही 100 छात्रों के लिए हॉस्टल भी बनाया जाएगा। उन्होंने पाबौ व्यापार संघ के पदाधिकारियों को कहा कि पुलिस के साथ बैठक कर पाबौ में पार्किंग स्थल चिन्हित करें। साथ ही कहा कि पाबौ को नगर पंचायत बनाए जाने के लिए ग्रामीणों की सहमति लें। कहा कि ग्रामीणों की सहमति के बाद ही पाबौ को नगर पंचायत बनाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक 85 चिकित्सकों व अप्रैल माह के अंतिम तक 276 चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी।
मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनीमिया मुक्त उत्तराखंड बनाने हेतु महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पाबौ को टीवी मुक्त बनाएं और अगर किसी व्यक्ति पर लक्षण पाए जाते हैं तो तत्काल इलाज करायें। उन्होंने यह भी कहा कि पाबौ टैक्सी- मैक्सी संचालकों की आंखों का परीक्षण भी कराया जाय। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को कहा कि पाबौ के अंतर्गत उद्यान विभाग से कुल्याणी गांव को एप्पल गांव और ग्वालीगाड़ गांव को मत्स्य गांव बनाया जाए। उन्होंने कहा कि इन दोनों गांवों में पहले से ही ग्रामीण इस दिशा में कार्य कर रहे हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि जनता दरबार में जो शिकायतें आई हैं, उन पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट एक सप्ताह में दें। इस दौरान मंत्री ने विकास खंड पाबौ के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बिशल्ड व कालों का मरम्मत कार्यों और राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमगांव के नए भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष के 08 लाभार्थियों को चेक वितरित किये। इसके अलावा 03 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 11 दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र व 05 सहायक उपकरण वितरित किये गये।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, डीएफओ गढ़वाल स्वप्निल अनिरूद्व, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारूल गोयल, उप जिलाधिकारी पौड़ी रेखा आर्य सहित अन्य उपस्थित थे।
