हल्द्वानी में लो वोल्टेज से हांफ गए पंखे-कूलर व एसी
हल्द्वानी।प्रचंड गर्मी का प्रकोप है। इसके बावजूद बिजली से लेकर पेयजल संकट से लोग परेशान हैं। वोल्टेज ऐसा कि पंखे-कूलर, एसी से लेकर नलकूप तक हांफने लगे हैं। जिन इलाकों में बिजली का लोड अधिक हो रहा है, वहां ऊर्जा निगम को शटडाउन करना पड़ रहा है।इसकी वजह से दो से तीन घंटे की बिजली कटौती कर दी जा रही है। भीषण गर्मी में त्राहि-त्राहि मच रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या का समाधान करने में पूरी तरह फेल नजर आ रहे हैं। ऐसे में अब लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है।
सोमवार को बिजली कटौती से परेशान दमुवाढूंगा के लोग भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में ऊर्जा निगम कार्यालय हीरानगर धमक गए। प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी करने लगे। कहने लगे, भीषण गर्मी में बिजली कटौती की वजह से जीना मुश्किल हो गया। वार्ड-36 पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। महिलाएं घर का कामकाज नहीं कर पा रही हैं। छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो गई है।
अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र प्रदर्शन को बाध्य होना पड़ेगा। इसमें मीना देवी, नितन, मुन्नी बिष्ट, नीता सिंह आदि शामिल रहे। वहीं लो वोल्टेज से ग्रामीण क्षेत्रों के 32 नलकूप हांफने लगे हैं। आपूर्ति प्रभावित हाे रही है। जल संस्थान ग्रामीण के अधिशासी अभियंता नंद किशोर ने बताया कि जब वोल्टेज ठीक रहता है। तभी नलकूप चलवा रहे हैं।