मुख्यमंत्री धामी ने गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश, एक माह में धरातल पर दिखने चाहिए विकास कार्य

मुख्यमंत्री धामी ने गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश, एक माह में धरातल पर दिखने चाहिए विकास कार्य

मुख्यमंत्री धामी ने गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश, एक माह में धरातल पर दिखने चाहिए विकास कार्य

हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की समीक्षा, 8,279 करोड़ की परियोजनाओं से हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर समेत राज्य की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और जिन परियोजनाओं को शीघ्र शुरू किया जा सकता है, उनकी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर काम शुरू कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगले एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को क्षेत्र की पहचान, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक महत्व को ध्यान में रखकर विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में स्थानीय विशेषताओं को शामिल करने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर में 3,297 करोड़ की परियोजनाएं

बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाएगा।

ऋषिकेश में 3,456 करोड़ की परियोजनाओं पर काम

ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग एवं पर्यटक सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

शारदा रिवरफ्रंट पर 1,526 करोड़ रुपये होंगे खर्च

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से 85.23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

इसी प्रकार 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये की लागत से शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में है।8,279

तीनों कॉरिडोर से 78 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

बैठक में बताया गया कि तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

इसके साथ ही श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन) विकसित करने की योजना की प्रगति की जानकारी भी दी गई। बैठक में साहसिक पर्यटन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश को प्रोत्साहित करने और परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *