टाटा संस की बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने से हाईकोर्ट का इनकार, 30 नवंबर को होगी बैठक
चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर विवाद बरकरार
मुंबई। बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को टाटा संस की 30 नवंबर को प्रस्तावित बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार होगी, लेकिन इसमें लिए जाने वाले फैसले याचिका के अंतिम नतीजे के अधीन रहेंगे। मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को होगी।
यह मामला टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल से जुड़ा है। टाटा संस में करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट्स ने चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन नियुक्त करने के फैसले को चुनौती देते हुए गुरुवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
टाटा ट्रस्ट्स का आरोप है कि 17 सितंबर को हुई बोर्ड बैठक में चंद्रशेखरन को अगले पांच वर्षों के लिए चेयरमैन बनाने का फैसला कंपनी के नियमों के अनुरूप नहीं लिया गया। ट्रस्ट इस नियुक्ति को रद्द कराने की मांग कर रहा है।
ट्रस्टियों में भी कोर्ट जाने को लेकर मतभेद
इस कानूनी लड़ाई को लेकर टाटा ट्रस्ट्स के भीतर भी एकराय नहीं है। पांच में से तीन ट्रस्टियों ने कोर्ट जाने के पक्ष में मतदान किया। इनमें नोएल टाटा, उनके बेटे नेविल टाटा और भास्कर भट शामिल हैं। वहीं वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह ने इस कदम का विरोध किया।
17 सितंबर की बैठक में क्या हुआ था?
17 सितंबर को टाटा संस की बोर्ड बैठक में एन. चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के लिए दोबारा चेयरमैन बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी। इस दौरान ट्रस्ट के प्रतिनिधित्व को लेकर मतभेद सामने आए।
नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति का विरोध किया, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी ने मतदान को बराबरी का माना और अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करते हुए चंद्रशेखरन के पक्ष में फैसला दिया।
बैठक में टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध (लिस्टिंग) कराने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। वेणु श्रीनिवासन और अन्य निदेशकों ने इसका समर्थन किया, जबकि नोएल टाटा इस रुख से सहमत नहीं थे।
Article 121 बना विवाद की मुख्य वजह
पूरे विवाद की जड़ टाटा संस के कंपनी नियमों का Article 121 है। ट्रस्ट्स का तर्क है कि इस प्रावधान के तहत बोर्ड के फैसलों में ट्रस्ट के निदेशकों की बहुमत वाली सहमति जरूरी है। कास्टिंग वोट के जरिए इस अनिवार्यता को दरकिनार नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर ट्रस्ट्स ने 17 सितंबर के फैसले को नियमों के खिलाफ बताया है।
65 साल की उम्र के बाद भी जारी रहेगा कार्यकाल
इस मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू चंद्रशेखरन की उम्र और उनका प्रस्तावित कार्यकाल भी है। टाटा ग्रुप की नीति के अनुसार, एग्जीक्यूटिव पदों पर सामान्यतः 65 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्ति का प्रावधान है, जबकि नॉन-एग्जीक्यूटिव पदों पर 70 वर्ष तक काम किया जा सकता है।
एन. चंद्रशेखरन फिलहाल 63 वर्ष के हैं। प्रस्तावित पांच साल का कार्यकाल पूरा होने तक उनकी उम्र करीब 70 वर्ष हो जाएगी। टाटा ग्रुप में 65 वर्ष की निर्धारित सेवानिवृत्ति उम्र के बाद भी किसी एग्जीक्यूटिव का कार्यकाल बढ़ाने का यह पहला ऐसा फैसला बताया जा रहा है।
चंद्रशेखरन ने 1987 में टीसीएस में इंटर्न के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। अक्टूबर 2016 में वह टाटा संस के बोर्ड में शामिल हुए और जनवरी 2017 में पहली बार टाटा संस के चेयरमैन नियुक्त किए गए।
टाटा ग्रुप, टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स में क्या है अंतर?
टाटा ग्रुप: टाटा नाम से संचालित विभिन्न कंपनियों और कारोबारों का समूह है। इसमें टीसीएस, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, टाटा पावर और एयर इंडिया जैसी कंपनियां शामिल हैं।
टाटा संस: यह टाटा ग्रुप की प्रमुख होल्डिंग कंपनी है, जो समूह की बड़ी कंपनियों में हिस्सेदारी रखती है और महत्वपूर्ण फैसलों में भूमिका निभाती है।
टाटा ट्रस्ट्स: यह परोपकारी और सामाजिक कार्यों से जुड़े ट्रस्टों का समूह है। इसके पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
अब 30 नवंबर की बैठक पर नजर
बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद 30 नवंबर को टाटा संस की बोर्ड बैठक का रास्ता साफ हो गया है, लेकिन बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर कानूनी विवाद का साया बना रहेगा। 21 जनवरी 2027 को होने वाली अगली सुनवाई में इस मामले की आगे की दिशा तय हो सकती है। इसका असर एन. चंद्रशेखरन के कार्यकाल के साथ-साथ टाटा संस की भविष्य की रणनीति और लिस्टिंग से जुड़े फैसलों पर भी पड़ सकता है।

