सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं में आएगी तेजी, मार्च 2027 तक पूरा होगा जमरानी बांध का कॉफर डैम निर्माण
देहरादून।उत्तराखंड में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने वाली सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी के साथ निर्माण की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। दोनों परियोजनाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य सचिव ने सौंग और जमरानी बांध के तहत विकसित होने वाले जलाशयों तथा आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम करने को कहा।
जमरानी बांध का कॉफर डैम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति के फोटोग्राफ और वीडियो नियमित रूप से स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। साथ ही कंक्रीटिंग और उत्खनन कार्यों की समयसीमा निर्धारित करते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
सौंग बांध के कार्य मार्च तक पूरे करने के निर्देश
सौंग बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने मार्च तक निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरा करने को कहा। परियोजना के तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध के साथ 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और करीब 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण किया जाना है। परियोजना की भौतिक प्रगति वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत लक्ष्य के सापेक्ष 21 प्रतिशत दर्ज की गई है।
परियोजना को पर्यावरणीय, वन एवं तकनीकी स्वीकृतियां नवंबर 2024 तक मिल चुकी हैं। वहीं, विशेष सहायता योजना के तहत शेष 2,491.96 करोड़ रुपये की परियोजना लागत के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
जमरानी परियोजना के कई कार्यों में महत्वपूर्ण प्रगति
जमरानी बांध परियोजना के तहत आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत, क्रशिंग, बैचिंग एवं मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत और कॉफर डैम का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा स्ट्रिपिंग फाउंडेशन एवं एबटमेंट का 40 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है।
परियोजना के अंतर्गत 21.25 किलोमीटर नई नहर के निर्माण और 40.82 किलोमीटर नहर के रीमॉडलिंग एवं नवीनीकरण कार्य की प्रगति 32.46 प्रतिशत है। वहीं, परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। बांध निर्माण को जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।
मुख्य सचिव ने पुनर्वास से जुड़े कार्यों की सभी तैयारियां पहले से पूरी करने और परियोजनाओं की संशोधित लागत के अनुमोदन के लिए आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रीय जल आयोग सहित संबंधित संस्थाओं से परीक्षण एवं अनुमोदन की प्रक्रिया भी समय रहते पूरी करने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

