अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ के दूरस्थ गांवों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा, CM धामी ने दो ‘आरोग्य रथ’ को दिखाई हरी झंडी
देहरादून।उत्तराखंड के पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन द्वारा संचालित की जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए जरूरी है कि लोगों को उनके घरों के आसपास ही प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा मिले।
उन्होंने बताया कि आरोग्य रथ में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही बीमारियों की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श देने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस दिशा में सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक संस्थाओं और कॉर्पोरेट क्षेत्र की भागीदारी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली सहित पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन और टीएसएल ग्रुप के पदाधिकारी मौजूद रहे।

