उत्तराखंड पेयजल निगम के प्रयासों से हरिद्वार में निर्मल हुई मां गंगा
22 नालों की टैपिंग और 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट कर रहे काम
हरिद्वार में निर्मल हुई मां गंगा, गहरे नीले और स्वच्छ जल की देश-विदेश में हो रही चर्चा
सीएम धामी के नेतृत्व में नमामि गंगे अभियान को मिली नई गति, 100 टन से अधिक कचरा हटाया गया
22 नालों की टैपिंग और 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट कर रहे काम
देहरादून। हरिद्वार से होकर बहने वाली मां गंगा का गहरा नीला और स्वच्छ जल इन दिनों देश-विदेश में सकारात्मक चर्चा का विषय बना हुआ है। कभी गंगा में प्रदूषण को लेकर सुर्खियां बनती थीं, लेकिन अब गंगा के निर्मल स्वरूप की चर्चा हो रही है। इसके पीछे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार की ओर से किए गए दीर्घकालिक प्रयासों और व्यापक स्वच्छता अभियानों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा की स्वच्छता के लिए जहां सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए गए और नालों की टैपिंग की गई, वहीं हाल ही में गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इन प्रयासों से गंगा की स्वच्छता को लेकर किए जा रहे कार्यों को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में गंगा और उसकी सहायक नदियों के तटवर्ती शहरों में एसटीपी प्लांट के निर्माण एवं संचालन पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही छोटी-छोटी बस्तियों से निकलकर गंगा में गिरने वाले नालों को भी टैप किया गया, ताकि दूषित पानी को सीधे नदी में जाने से रोका जा सके। इससे गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए जरूरी आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है।
गंगा बंदी में 100 टन से अधिक कचरा हटाया
इस बार गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार प्रशासन की ओर से व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के साथ धार्मिक, स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। अभियान के दौरान 100 टन से अधिक कचरा एकत्रित किया गया। घाटों और नदी तटों की सफाई के साथ ही वर्षों से जमा प्लास्टिक कचरा, पूजा सामग्री के अवशेष और नदी में प्रवाहित किए गए कपड़ों को भी हटाया गया।
दीपावली की रात जब मां गंगा का जल पूरे वेग के साथ हरकी पैड़ी के पवित्र क्षेत्र में लौटा तो तीर्थक्षेत्र में गंगा के स्वच्छ और दिव्य स्वरूप के दर्शन हुए। अब प्रशासन तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर गंगा की स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने के प्रयास कर रहा है। इसमें जनसहभागिता को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
पेयजल निगम ने 22 नालों की कराई टैपिंग
गंगा को स्वच्छ बनाने की दिशा में उत्तराखंड पेयजल निगम की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। निगम की ओर से हरिद्वार में गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को टैप कर उनकी निकासी को एसटीपी प्लांट से जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा हरिद्वार में कुल 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट दिन-रात संचालित हो रहे हैं। इसी क्रम में शिवालिक नगर में एक और एसटीपी के साथ विभिन्न स्थानों पर आठ सीवरेज पम्पिंग स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है।
गंगा की निर्मलता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धरोहर हैं। इनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नमामि गंगे परियोजना के तहत एसटीपी प्लांटों के निर्माण, नालों की टैपिंग और व्यापक स्वच्छता अभियानों से गंगा की स्वच्छता को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि गंगा बंदी के दौरान जनसहभागिता से चलाया गया सफाई अभियान सराहनीय है। मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए सरकार के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। हमारा संकल्प है कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के अभियान में जनभागीदारी को और मजबूत किया जाए।

