मां धारी देवी मंदिर के समीप बनेगी दो मंजिला आधुनिक पार्किंग, 100 वाहनों की होगी क्षमता
मुख्यमंत्री धामी की घोषणा पर तेजी से आगे बढ़ रही कार्यवाही, 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित; एनओसी मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया होगी शुरू
देहरादून। उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में पौड़ी गढ़वाल जनपद स्थित प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग निर्माण की योजना पर कार्यवाही तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित इस परियोजना से मंदिर क्षेत्र में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
प्रस्तावित पार्किंग के लिए ग्राम कलियासौड़, तहसील श्रीनगर में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। मंदिर के नजदीक होने के कारण इस स्थान को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त माना गया है।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से संबंधित प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। चिह्नित भूमि का जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी पूरा कर लिया गया है। सर्वेक्षण के अनुसार निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाई गई है।
योजना के तहत लगभग 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी। इसकी क्षमता करीब 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) होगी। इससे मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी।
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। कार्यदायी संस्था नामित होने के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा, ताकि निर्माण में तकनीकी मानकों और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा सके।
हालांकि, चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और वर्तमान में इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है। ऐसे में भूमि हस्तांतरण के लिए संबंधित परियोजना से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना आवश्यक है। एनओसी मिलने के बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित करने की कार्यवाही की जाएगी।
गौरतलब है कि मां धारी देवी मंदिर में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। विशेष रूप से चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान वाहनों की आवाजाही बढ़ने से पार्किंग एवं यातायात संबंधी चुनौतियां सामने आती हैं। ऐसे में मंदिर के समीप प्रस्तावित आधुनिक पार्किंग बनने से सड़क किनारे अनियोजित वाहन खड़े करने की समस्या कम होगी और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
राज्य सरकार की यह पहल धार्मिक पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पार्किंग निर्माण पूरा होने के बाद मां धारी देवी मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

