जौलजीबी मेले का CM धामी ने किया शुभारंभ, पिथौरागढ़ को 102.72 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
भारत-नेपाल की सांस्कृतिक विरासत और व्यापारिक रिश्तों का प्रतीक है जौलजीबी मेला, आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 24 योजनाओं का शिलान्यास और एक योजना का लोकार्पण किया। साथ ही मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है। यह मेला दोनों देशों के लोगों को आपसी सौहार्द और परंपराओं के माध्यम से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से सीमांत क्षेत्र की लोकसंस्कृति और ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखने में मदद मिलती है।
सीएम धामी ने मेले से अपने बचपन के जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि यहां की परंपराएं, लोकसंस्कृति और स्थानीय रीति-रिवाज उत्तराखण्ड की विशिष्ट पहचान हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही स्थानीय कलाकारों, व्यापारियों और उत्पादों को भी मंच प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सीमांत क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नए सर्किट हाउस का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सड़क, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएं बेहतर होंगी तथा स्थानीय लोगों को विकास का सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों और विकास प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों ने भागीदारी की, वहीं पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक हरीश धामी, महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भारत-नेपाल के नागरिक मौजूद रहे।

