गाजियाबाद में विद्या भारती के खेलकूद समारोह में शामिल हुए सीएम धामी, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

गाजियाबाद में विद्या भारती के खेलकूद समारोह में शामिल हुए सीएम धामी, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

गाजियाबाद में विद्या भारती के खेलकूद समारोह में शामिल हुए सीएम धामी, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

बोले- खेल का मैदान देश की विविध संस्कृतियों को एक सूत्र में जोड़ने का सशक्त माध्यम, युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से लेकर कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर एकत्र होना वास्तव में लघु भारत का दर्शन कराता है। खेल का मैदान न केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम है, बल्कि देश की विभिन्न भाषाओं, वेशभूषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं को आपस में जोड़ने का भी सशक्त माध्यम है।

अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विद्या भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर में प्रथम सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई यह यात्रा आज देशभर में शिक्षा और संस्कारों का प्रसार कर रही है। उत्तराखंड में भी संस्था के विद्यालय महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा के साथ शारीरिक विकास को भी विशेष महत्व दिया गया है। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’, अर्थात स्वस्थ शरीर ही जीवन के कर्तव्यों और लक्ष्यों की पूर्ति का आधार है। उन्होंने पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। इन प्रयासों से युवाओं में खेलों और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा सामान्य परिवारों की प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विशेष रूप से दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि समारोह में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्या भारती के पदाधिकारियों, आचार्यों, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं की भी सराहना की।

इस अवसर पर श्री महेश गुप्ता, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *