डोईवाला में 65 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला एमडीडीए का बुलडोजर, मैगी प्वाइंट और पुरुकुल रोड पर दो प्रतिष्ठान सील

डोईवाला में 65 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला एमडीडीए का बुलडोजर, मैगी प्वाइंट और पुरुकुल रोड पर दो प्रतिष्ठान सील

डोईवाला में 65 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला एमडीडीए का बुलडोजर, मैगी प्वाइंट और पुरुकुल रोड पर दो प्रतिष्ठान सील

देहरादून। अवैध प्लॉटिंग और नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को डोईवाला क्षेत्र में पांच अलग-अलग स्थानों पर करीब 60 से 65 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा मैगी प्वाइंट और पुरुकुल रोड पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण मिलने पर दो प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।

डोईवाला में पांच स्थानों पर ध्वस्तीकरण

एमडीडीए की टीम ने घिसरपट्टी, बुल्लावाला मार्ग, कुड़कावाला और काम्बोज कॉलोनी समेत पांच स्थानों पर अभियान चलाया। जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि पर बिना स्वीकृत ले-आउट और आवश्यक अनुमति के प्लॉटिंग की जा रही थी।

घिसरपट्टी में राजू, बाबू, रोशन और मुकुल तोमर द्वारा करीब 15 से 20 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं बुल्लावाला मार्ग पर बीएसएफ हाउस के समीप इमरान एवं अन्य की करीब 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया गया।

इसके अलावा भगत सिंह कॉलोनी, गली नंबर-6, बुल्लावाला में बलदेव सिंह की करीब पांच बीघा जमीन और काम्बोज कॉलोनी में नत्थी सिंह, यशपाल, हेमंत पंचोली एवं अन्य की करीब 30 से 35 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को भी ध्वस्त किया गया।

मैगी प्वाइंट और पुरुकुल रोड पर दो प्रतिष्ठान सील

प्राधिकरण ने व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की। मैगी प्वाइंट में जगदीश चौहान के अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया। वहीं पुरुकुल रोड स्थित ईडन वेलनेस एंड हॉस्पिटेलिटी में संजीव बोहरा द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।

अवैध प्लॉटिंग पर लगातार जारी रहेगा अभियान

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है। अवैध प्लॉटिंग और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन या भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, स्वीकृत ले-आउट और जरूरी अनुमतियों की जांच अवश्य करें।

वहीं एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि शिकायतों और स्थलीय निरीक्षण के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बिना अनुमति प्लॉटिंग और नियमों के विरुद्ध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *