चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए ₹96 करोड़ की 16 योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया सर्किट हाउस का लोकार्पण

चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए ₹96 करोड़ की 16 योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया सर्किट हाउस का लोकार्पण

चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए ₹96 करोड़ की 16 योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया सर्किट हाउस का लोकार्पण

ग्राम सभाओं को विकास कार्यों के लिए मिलेंगे ₹10-10 लाख, अधिवक्ताओं के चैंबर, पार्किंग और ई-लाइब्रेरी बनाने की भी घोषणा

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत में नवनिर्मित सर्किट हाउस का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जनपद में लगभग 96 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए विभिन्न विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए राज्य सरकार दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाएं तैयार की जा रही हैं। सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ ही बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

ग्राम सभाओं को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस धनराशि से ग्राम सभाएं अपनी जरूरतों के अनुसार पुस्तकालय निर्माण, सड़क सुधार, आजीविका संवर्धन, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्य कर सकेंगी। उन्होंने जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणा भी की।

अधिवक्ताओं के लिए चैंबर और आधुनिक ई-लाइब्रेरी

मुख्यमंत्री जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आम नागरिकों को न्याय दिलाने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार आमजन को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग की व्यवस्था और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की घोषणा की।

संगठनों और स्थानीय नागरिकों से किया संवाद

मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने मातृशक्ति, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, मिनिस्टीरियल संवर्ग एवं रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैनिकों और सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान सप्तेश्वर/सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति तथा मीडिया प्रतिनिधियों से भी बातचीत की।

रजत जयंती पार्क का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

चम्पावत पहुंचने पर सर्किट हाउस हेलीपैड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय एवं मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चन्द्र पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, शंकर दत्त पाण्डेय, केएमवीएन निदेशक रोहित बिष्ट, नामित नगर पालिका सदस्य गौरव पाण्डेय, एसडीएम बीसी पंत, अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *