मुख्यमंत्री धामी से ईईपीसी चेयरमैन पंकज चड्ढा ने की मुलाकात, औद्योगिक विकास और निवेश बढ़ाने पर मंथन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में ईईपीसी के चेयरमैन पंकज चड्ढा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने और उद्योगों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में राज्य में उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को आकर्षित करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में उपलब्ध प्राकृतिक एवं अन्य संसाधनों, स्थानीय प्रतिभाओं और उद्यमशीलता की संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास केवल आर्थिक प्रगति का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश में उद्योगों का विस्तार हो, निवेश की संभावनाएं साकार हों और युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में उपलब्ध संभावनाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए औद्योगिक विकास को नई गति देने और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

