प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी तेज, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण होगा आयोजन
प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश, देशभर में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को किया जाएगा आमंत्रित
देहरादून। प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य के विकास से जोड़ने और उनके अनुभवों एवं सुझावों का लाभ लेने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में सचिवालय में सम्मेलन की तैयारियों के लिए गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन का आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में किया जाए, ताकि यह आयोजन अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सके। उन्होंने देश के विभिन्न प्रांतों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच बने। उनके अनुभवों, सुझावों, विशेषज्ञता और योगदान का लाभ लेकर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने के प्रयास किए जाएं।
दून विश्वविद्यालय में होगा सम्मेलन
बैठक में जानकारी दी गई कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, तैयारियों की प्रगति की समीक्षा के लिए तीन से चार दिन के भीतर अपडेट उपलब्ध कराने को कहा।
अतिथियों के आवागमन और ठहरने की होगी समुचित व्यवस्था
प्रमुख सचिव ने स्थानीय स्तर पर आमंत्रित किए जाने वाले अतिथियों को चिह्नित करने के साथ ही उनके आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से जुड़ी तैयारियों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
विकास योजनाओं पर आधारित लघु फिल्मों का होगा प्रसारण
सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण भी किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों को प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पहलों की जानकारी दी जाएगी।
प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक पत्राचार करते हुए आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सम्मेलन की सफलता के लिए सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करना होगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री सी. रविशंकर, श्री राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, सीडीओ देहरादून श्री अभिनव शाह, सदस्य उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ श्री सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना श्री बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

