मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों और कुंभ मेला-2027 के लिए मंजूर किए ₹81 करोड़
सड़क, पेयजल, सिंचाई, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और आवासीय भवनों के निर्माण को मिलेगी गति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इनमें सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, मंदिरों के सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण, अधिकारियों-कर्मचारियों के आवासीय भवनों के निर्माण के साथ ही कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत प्रस्तावित 18 कार्यों के लिए ₹61.42 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने चंपावत विधानसभा क्षेत्र के टनकपुर एवं बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए ₹9.94 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी है। देहरादून जनपद के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के माजरी ग्रांट में वैष्णवी मंदिर पुल के पास लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर सहित अन्य घरों तक दो किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए ₹1.37 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
पिथौरागढ़ जनपद के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा एवं पुलिया निर्माण के लिए ₹74.24 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹44.54 लाख जारी करने की मंजूरी दी गई है। वहीं, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मझेड़ा में प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर, कुमाल्ता और स्यूसी तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए ₹49.85 लाख की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।
मंदिरों के संरक्षण और धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जनपद के जसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डाम क्षेत्र में स्थित प्राचीन मंदिर के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹1.62 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। पिथौरागढ़ में गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹32.53 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
अल्मोड़ा जनपद के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत ₹98.79 लाख की कुल लागत के सापेक्ष ₹50 लाख की धनराशि मंजूर करने का अनुमोदन दिया गया है। पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र स्थित कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापित करने एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ₹79.74 लाख की कुल लागत के सापेक्ष शेष ₹31.90 लाख की धनराशि स्वीकृत करने की मंजूरी दी गई है।
इसके अतिरिक्त चंपावत जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के फोर्ती में स्थित त्यौन्दर बाबा मंदिर, भूमिया बाबा मंदिर और महारूद्र मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹20-20 लाख की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
पेयजल और सिंचाई योजनाओं को मिलेगी मजबूती
पौड़ी गढ़वाल जनपद में कोटद्वार शाखा के अंतर्गत कोटद्वार नगर की सनेह नगरीय पेयजल योजना के तहत सनेह मल्ली में नलकूप खनन एवं उद्वाह जलाशय निर्माण के लिए ₹3.30 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।
वहीं, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तौक भौरा में फील्ड सिंचाई गूल के निर्माण के लिए ₹44.13 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने को मंजूरी प्रदान की गई है। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता और सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों-कर्मचारियों के आवास निर्माण को मंजूरी
टिहरी जनपद के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की कीर्तिनगर तहसील में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण हेतु ₹121.30 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के कार्य प्रारंभ करने के लिए ₹50 लाख की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मिलेगी गति
हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत भारत सरकार के अवस्थापना अनुदान के अंतर्गत प्रस्तावित 18 कार्यों के लिए ₹61.42 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन दिया गया है। इन कार्यों के माध्यम से कुंभ मेले से संबंधित अवस्थापना सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री की ओर से दी गई इन वित्तीय स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क संपर्क, पेयजल, सिंचाई, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

