मुख्यमंत्री धामी से मिले नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, महेंद्र भट्ट भी रहे मौजूद
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिनेश आर्य को राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिनेश आर्य अपने अनुभव, कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण के माध्यम से संसद में उत्तराखण्ड की जनभावनाओं और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा में उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश के विकास, जनकल्याण और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिनेश आर्य राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की आकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के साथ ही उत्तराखण्ड के विकास को गति देने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने दिनेश आर्य के सफल एवं उज्ज्वल संसदीय कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके प्रयासों से प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों को संसद में मजबूती से रखने में मदद मिलेगी।

