मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखण्ड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का किया विमोचन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को स्मारिका के प्रकाशन पर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मारिकाएं किसी संस्था की गतिविधियों, उपलब्धियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं। ‘गुलदस्ता’ के माध्यम से पत्रकारिता जगत के विभिन्न पहलुओं के साथ उत्तराखण्ड की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को एक स्थान पर प्रस्तुत करने का प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया समाज को जागरूक करने के साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, उपलब्धियों और सरोकारों को प्रमुखता से सामने लाते हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सशक्त होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण और वर्तमान में प्रदेश की विकास यात्रा तक पत्रकारिता जगत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में राज्य की उपलब्धियों, स्थानीय प्रतिभाओं, पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। मीडिया सरकार और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। सकारात्मक, निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में सहायक बनती है।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और स्मारिका ‘गुलदस्ता’ के प्रकाशन से संबंधित जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी निरंतर कार्य करता रहेगा।

