मुख्यमंत्री धामी से एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने की भेंट

मुख्यमंत्री धामी से एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने की भेंट

मुख्यमंत्री धामी से एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने की भेंट

छात्रहितों में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भेंट की।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न छात्रसंघ चुनाव में निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में मिलने वाले दायित्व युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनकी नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थी परिषद की संगठनात्मक भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि एबीवीपी लंबे समय से छात्र हितों के साथ राष्ट्रहित, सामाजिक सरोकारों और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के लिए कार्य करती रही है। संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से संगठन की मूल भावना और उद्देश्यों के अनुरूप छात्र-छात्राओं के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता से सुनिश्चित होती है। उन्होंने पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान समय तेजी से बदल रहा है। तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल माध्यमों, रोजगार के नए अवसरों और वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों के बीच युवाओं के लिए स्वयं को निरंतर अपडेट रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा जितना अधिक अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करेंगे, उतना ही उनका व्यक्तिगत विकास होगा और उनकी क्षमताओं का लाभ संगठन एवं समाज को भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व, संवाद, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी सीखने का भी महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे छात्र-छात्राओं के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करें और अपने व्यवहार एवं कार्यों से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनें।

इस अवसर पर एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्रहितों से जुड़े विभिन्न विषयों तथा आगामी कार्ययोजनाओं के संबंध में भी मुख्यमंत्री से चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *