राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से रक्तदान की अपील
देहरादून। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया है। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान को महादान कहा जाता है, क्योंकि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा चिकित्सकीय मानकों के अनुसार निर्धारित अंतराल पर रक्तदान करने से सामान्यतः स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता और शरीर दान किए गए रक्त की पूर्ति प्राकृतिक रूप से कर लेता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे रक्तदान के महत्व को समझें और पात्र होने पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर जरूरत के समय मरीजों को रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग किया जा सकता है।
