15 अक्टूबर तक कुमाऊं की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, आयुक्त दीपक रावत ने दिए कड़े निर्देश
हल्द्वानी।कुमाऊं मंडल में सड़कों को गड्ढामुक्त करने को लेकर आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को लोनिवि, एनएच, पीएमजीएसवाई, यूयूएसडीए और नगर निगम समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा निर्धारित 15 अक्टूबर की समयसीमा के भीतर सड़कों को शत-प्रतिशत गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।आयुक्त ने स्पष्ट किया कि महज औपचारिकता के लिए गड्ढे भरने के बजाय ऐसा पैचवर्क और पुनर्निर्माण किया जाए, जो लंबे समय तक टिकाऊ रहे। कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ संपर्क और ग्रामीण सड़कों को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
समीक्षा में बताया गया कि नैनीताल जिले में 36 मुख्य राजमार्ग एवं मुख्य जिला मार्गों की करीब 992 किमी सड़कें गड्ढायुक्त हैं। इनमें से 303 किमी सड़कें गड्ढामुक्त की जा चुकी हैं। शेष सड़कों पर बारिश के बाद पैचवर्क और हॉटमिक्स का काम किया जाएगा। वहीं अल्मोड़ा में 67, बागेश्वर में 22, पिथौरागढ़ में 36 और चंपावत में 23 सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना है। सभी कार्यों के टेंडर हो चुके हैं।
पीएमजीएसवाई के तहत करीब 1500 किमी सड़कों पर काम होना है, जिसमें 58 किमी सड़कें गड्ढामुक्त की जा चुकी हैं और शेष पर कार्य जारी है। एनएच की 168 किमी सड़कों पर पैचवर्क एवं हॉटमिक्स किया जाना है, जिसमें 36 किमी का कार्य पूरा हो चुका है।
हल्द्वानी शहर की सड़कों की स्थिति पर आयुक्त ने यूयूएसडीए के कार्यों पर असंतोष जताते हुए निर्देश दिए कि सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाए। जिस हिस्से में लाइन बिछाने का काम पूरा हो, उसे तत्काल दुरुस्त करने के बाद ही अगले हिस्से में काम शुरू किया जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
नगर निगम के अनुसार हल्द्वानी की करीब 80 किमी आंतरिक सड़कें गड्ढायुक्त हैं, जिनमें 8 किमी पर पैचवर्क पूरा हो चुका है। आवास विकास, राजपुरा और बनभूलपुरा में सीवर लाइन के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों के हॉटमिक्स एवं पैचवर्क के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
