देहरादून में खुलेगा IIM काशीपुर का कैंपस, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया भूमिपूजन
देहरादून। भारतीय प्रबन्धन संस्थान (IIM) काशीपुर के देहरादून कैंपस की स्थापना की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने देहरादून में प्रस्तावित कैंपस का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने देहरादून में IIM काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड समेत आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा हासिल करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि कैंपस शुरू होने के बाद युवाओं को अपने ही क्षेत्र में मैनेजमेंट से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी। इससे उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को दूसरे शहरों की ओर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को निखारने और नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में IIM काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, CPWD देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश समेत संबंधित विभागों और IIM काशीपुर के अधिकारी मौजूद रहे।
