4 अक्टूबर को बनबसा में जुटेगी धामी कैबिनेट
देहरादून। उत्तराखंड सरकार की अगली कैबिनेट बैठक 4 अक्टूबर 2026 को चंपावत जिले के बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में होगी। सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक बैठक सुबह 11 बजे प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह जनपद चंपावत में पहली बार कैबिनेट बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों के साथ नीतिगत फैसलों, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और निर्णय हो सकते हैं।
बैठक को लेकर संबंधित विभागों की ओर से प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। सरकार की देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठक आयोजित करने की परंपरा के तहत इस बार बनबसा को बैठक स्थल चुना गया है।
