बदरीनाथ में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल का भव्य समापन, सीएम धामी ने विजेताओं को किया सम्मानित

बदरीनाथ में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल का भव्य समापन, सीएम धामी ने विजेताओं को किया सम्मानित

बदरीनाथ में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल का भव्य समापन, सीएम धामी ने विजेताओं को किया सम्मानित

बदरीनाथ। श्री बदरीनाथ धाम के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में भारतीय सेना एवं जिला प्रशासन चमोली के संयुक्त तत्वावधान में ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित दो दिवसीय ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026’ का सोमवार को समापन हुआ। ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ थीम पर आयोजित महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने बामणी गांव पहुंचकर नंदा अष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित उत्सव में ग्रामीणों के साथ प्रतिभाग किया और सभी को नंदा अष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देवभूमि की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने महोत्सव परिसर में स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों सहित विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से स्थानीय उत्पादों एवं पहाड़ी व्यंजनों की जानकारी ली और उन्हें बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को पर्यटन से जोड़ने से सीमांत क्षेत्रों में आजीविका, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने भारतीय सेना की ओर से लगाई गई सैन्य प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा अत्याधुनिक हथियारों और सैन्य उपकरणों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां युवाओं को सेना की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ ही उनमें राष्ट्र सेवा और देशभक्ति की भावना को मजबूत करती हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की आत्मा उसकी लोक संस्कृति में बसती है। लोक नृत्य, लोक गीत, परंपराएं और रीति-रिवाज राज्य की विशिष्ट पहचान हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और जड़ों से जोड़ने के साथ सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को भारतीय सेना में सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के मूल मंत्र के साथ संस्कृति और विरासत के संरक्षण के साथ विकास कार्यों को गति दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में श्री बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत तेजी से कार्य चल रहा है। कठिन भौगोलिक एवं मौसमी परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में सड़क, बिजली, दूरसंचार, पर्यटन और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। माणा, नीति और जादुंग जैसे सीमांत क्षेत्रों को पर्यटन और आजीविका से जोड़कर स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों से पलायन रोकना और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, होम स्टे, कृषि, बागवानी, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मधुमक्खी पालन, सुगंधित पौधों एवं स्थानीय मसालों की खेती के साथ शीतकालीन पर्यटन, साहसिक पर्यटन और ‘वेडिंग इन उत्तराखण्ड’ जैसी पहलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, पहाड़ी व्यंजनों एवं हस्तशिल्प के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पर्यटन, आयुष, वेलनेस, आईटी और सौर ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की यात्रा में अपनी संस्कृति और जड़ों को साथ लेकर आगे बढ़ना आवश्यक है। लोक भाषाओं, लोक गीतों, लोक नृत्यों, पारंपरिक वेशभूषा, मेलों और पर्वों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और स्थानीय नागरिकों के बीच सहयोग, समन्वय और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।मुख्यमंत्री ने महोत्सव में माणा गांव के ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी सराहना की।

इस अवसर पर GOC-in-C सेंट्रल कमांड लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, GOC-in-C उत्तर भारत एरिया लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा, दायित्वधारी हरक सिंह, ब्रिगेडियर गौरव बत्रा, माधव प्रसाद सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, अरुण मैठाणी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित भारतीय सेना के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, युवा, विद्यार्थी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *